सोनम ने तैयार की थी पिता के मर्डर की स्क्रिप्ट: बॉयफ्रेंड से बोली-एक होने के लिए मारना ही पड़ेगा
पटना.मेरठ.मैंने ब्वॉयफ्रेंड विपिन से कहा था कि हमें एक होना है, तो पापा को रास्ते से हटाना पड़ेगा। विपिन को फिर पिता सुभाष की हत्या के लिए कन्वेंस किया। इसके बाद मैंने मां कविता को भी प्लान में शामिल किया। वो पहले मना कर रहीं थीं। तो मैंने उन्हें ब्लैकमेल किया। कहा कि अगर मेरी बात नहीं मानी, तो उनके अफेयर की बात पूरे समाज के सामने ला दूंगी।
ये कहना है मेरठ की सोनम का, जिसने अपने बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त की मदद से अपने ही पिता का मर्डर करवा दिया। उसका साथ मां कविता और उसके बॉयफ्रेंड ने भी दिया। करीब 2 महीने की प्लानिंग के बाद पिता सुभाष को 23 जून को खेत से घर आते हुए गोली मार दी गई।पुलिस ने 14 दिन बाद घटना का खुलासा किया। जिसमें बेटी सोनम ही पिता के मर्डर की मास्टरमाइंड निकली। उसने ही मर्डर के लिए सबको तैयार किया था। सोनम ने कैसे मर्डर की प्लानिंग की। कब-कब क्या साजिश की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
पहले आशिक फिर मां को मिलाया
पुलिस पूछताछ में सोनम ने बताया कि वह विपिन से शादी करना चाहती थी। लेकिन सुभाष दलित युवक से बेटी की शादी कराने को राजी नहीं था। उसने साफ इनकार कर दिया था। सोनम विपिन से ही शादी करने की ठान चुकी थी। उसने विपिन से कहा कि पापा ही हमारी मोहब्बत में सबसे बड़े दुश्मन हैं। ये कहकर उसने पहले विपिन को हत्या के लिए मनाया।
गुलजार से शादी करना है तो साथ आ जाओ
विपिन के मानने के बाद सोनम को मां कविता-गुलजार के अफेयर का पता चला। उसने सोचा कि अगर प्लान में मां को भी मिला लें तो काम आसान हो जाएगा। कोई भी उसके खिलाफ गवाही देने वाला नहीं बचेगा। क्योंकि मां खुद हत्या के प्लान में शामिल रहेगी। इसलिए सोनम ने मां से कहा कि गुलजार से शादी करके खुश रहना चाहती हो तो मेरे साथ आ जाओ। पापा कभी भी हम दोनों को अपने दोस्तों से शादी नहीं करने देंगे।मां से कहा कि तुम भी पापा की प्रताड़ना से दुखी हो चुकी है तो इससे छुटकारा पाओ। अगर मेरे प्लान के बारे में किसी को बताया तो मैं तुम्हारे-गुलजार के अफेयर की बात सभी को बता दूंगी। इस तरह सोनम ने मां को अपने साथ मिलाया। कविता ने सोनम के कहने पर गुलजार को इस प्लान में शामिल किया।
बॉयफ्रेंड को कॉल करके कहा- आज मौका है
23 जून को जब सुभाष खेतों में पानी लगाने साइकिल से घर से निकला तो सोनम ने विपिन को कॉल किया। सोनम ने विपिन से कहा कि आज मौका है अपना काम कर लो। इसके बाद कविता ने गुलजार को फोन किया। विपिन ने अजगर को कॉल किया। फिर अजगर, विपिन खेत की तरफ गए। उधर गुलजार ने अपने खेत पर पहुंचकर सुभाष के आने की सूचना विपिन को दी।विपिन और अजगर उर्फ शिवम सुभाष की हत्या करने उसके पीछे खेत में पहुंचे। विपिन बाइक चला रहा था। जबकि शिवम पीछे बैठा था। शिवम ने सुभाष को पीछे से गोली मार दी। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। गोली मारने के बाद विपिन ने सोनम को वॉट्सऐप कॉल किया। कॉल उठाते ही सोनम ने पूछा- काम हुआ या नहीं। तब विपिन बोला- काम हो गया है। इसके बाद सोनम खुश हो गई।
पुलिस के मूमेंट की देती रही जानकारी
सुभाष की हत्या के बाद जब पुलिस मामले की छानबीन में जुटी तो सोनम ही पुलिस के हर मूमेंट की जानकारी गुलजार, विपिन और अजगर को देती रही। वो बार-बार विपिन को वॉट्सऐप और ऑनलाइन कॉलिंग करती। मैसेज और कॉल के जरिए वो हर बार बताती रही कि पुलिस अब क्या कर रही है? पुलिस को दोनों के मोबाइल में ये चैटिंग मिली है।पुलिस को पिछले 13 दिनों में सोनम-विपिन के बीच 500 से ज्यादा मैसेज मिले हैं। टेलिग्राम पर भी बातचीत होती थी। ये लोग क्लोन अकाउंट बनाकर भी बात करते थे।
पुलिस को विपिन, गुलजार की मोबाइल लोकेशन 23 जून को उसी जगह मिली जहां सुभाष को गोली मारी गई थी। इसी मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस विपिन, गुलजार तक पहुंची।जब सोनम को विपिन, गुलजार की अरेस्टिंग का पता चला तो उसने अपने मोबाइल से विपिन से की गई चैट को डिलीट कर दिया। लेकिन वो चैट विपिन के मोबाइल में सेव थी। इसलिए पूरी चैट पुलिस को मिल गई और सोनम भी पकड़ी गई।
पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद मां कविता और बेटी सोनम को जेल भेज दिया है।
चैट में सोनम ने ये लिखा था
आज पुलिस घर आई थी। उसने पूछा कि पापा की किसी से दुश्मनी या लेनदेन का विवाद था।
पुलिस ने पूछा कि क्या कोई अवैध संबंध का कनेक्शन या फैमिली विवाद था।
आज पुलिस घर आई, हम सभी की कॉल डिटेल लेने की बात कहकर गई है।
पुलिस ने कहा, जल्द कातिल को पकड़ेगी, मैं तुमसे ऐसे बात नहीं कर सकती।
बाबू पापा को गलत मार दिया, ऐसा नहीं करना चाहिए था।
पुलिस ने कहा कि वो 7 जुलाई तक कातिल को पकड़ लेगी, मुझे बहुत डर लग रहा है।
SP देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया- सुभाष की हत्या में उसकी पत्नी, बेटी, कंकरखेड़ा निवासी विपिन और दूसरा युवक अजगर उर्फ शिवम और सिसौला के ही व्यक्ति गुलजार को अरेस्ट कर जेल भेजा है। इन लोगों ने मिलकर सुभाष की हत्या की साजिश रची और उसे गोली मारी है। सुभाष की बेटी सोनम और पत्नी कविता ने प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
