समस्तीपुर का मौसम:अगले 24 से 48 घंटे तक उत्तर बिहार में बारिश की संभावना,अलर्ट जारी
समस्तीपुर.अगले 24 से 48 घंटों तक उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की हल्की वर्षा होने की सम्भावना है। इसके बाद वर्षा होने की सम्भावना में कमी आएगी। इस अवधि में अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। इस बीच सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 45 प्रतिशत रहने की संभावना है। वहीं पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 10 से 15 कि.मी. प्रति घंटा की रफ्तार से पूरवा हवा चलने का अनुमान है। विगत पूर्वानुमान की अवधी में उत्तर बिहार में अनेक स्थानों पर मध्यम वर्षा हुई है।
मौसम पूर्वानुमान की अवधि में वर्षा की संभावना को देखते हुए जिन किसानों के पास धान का विचड़ा तैयार हो वे नीची तथा मध्यम जमीन में वर्षा जल का संग्रह करने के लिए मेड़ों को मजबूत बनाने का कार्य करें तथा थान की रोपनी करें। थान की रोपाई के समय उर्वरकों का व्यवहार सदैव मिट्टी जांच के आधार पर करें। यदि मिट्टी जांच नहीं कराया गया हो तो मध्यम एवं लम्बी अवधि की किस्मों के लिए 30 किलोग्राम नेत्रजन, 60 किलोग्राम स्फुर एवं 30 किलोग्राम पोटाश के साथ 25 किलोग्राम जिंक सल्फेट या 15 किलोग्राम प्रति हेक्टर चिलेटेड जिंक का व्यवहार करें।
सब्जियों में आवष्यकतानुसार निकाई-गुडाई करें तथा लाही, सफेद मक्खी व चूसक कीड़ों की निगरानी करें। इन कीट का प्रकोप दिखाई देने पर बचाव के लिए इमिडाक्लोरोप्रिड दवा का 0.3 मी.ली. प्रति लीटर पानी की दर से घोल कर फसल में छिड़काव करें। फलदार पौधों का बगान लगाने का यह समय उत्तम चल रहा है। किसान भाई अपनी पसंद के अनुसार आम, लीची, ऑवला, अमरुद, कटहल, शरीफा, नींबु के स्वस्थ पौधों को अधिकृत नर्सरी से खरीद कर रोपनी कर सकते हैं। रोपाई के पहले, प्रति गड्ढ़ा 40 से 50 किलोग्राम सड़ी गोबर का प्रयोग अवश्य करें।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
