पटना में सबसे पहले चलेगी रेडलाइन मेट्रो, न्यूनतम किराया 15 रुपए हाेगा:रात 11 बजे तक चलेगी मेट्रो
पटना में सबसे पहले रेडलाइन मेट्रो चलेगी। इसका न्यूनतम किराया दिल्ली से अधिक होगा। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक पटना मेट्रो का न्यूनतम किराया 15 रुपए होगा। जबकि, दिल्ली मेट्रो का न्यूनतम किराया 10 रुपए है।पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 0 से 3 किमी का न्यूनतम किराया 15 रुपए तय किया है। इसके बाद 3 से 6 किमी का किराया 30 रुपए होगा। 15 अगस्त से शुरू होने वाली मेट्रो की दूरी करीब 6.50 किमी है। इस हिसाब से मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक सफर करने वाले यात्रियों को 30 रुपए किराया देना होगा।
बिजली सस्ती नहीं मिलने पर बढ़ेगा किराया
यह स्थिति तब होगी जब मेट्रो के परिचालन के लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा नो प्रोफिट-नो लॉस पर बिजली दी जाए। इसको लेकर पिछले दिनों बिहार विद्युत विनियामक आयोग में जनसुनवाई हुई थी। इस दौरान मेट्रो के अधिकारियों ने रेलवे से सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, ताकि यात्री किराया में बढ़ोतरी नहीं हो सके। साथ ही शहर में चलने वाले अन्य सार्वजनिक परिवहन के मुकाबले किराया सस्ता रहे। इस पर 15 जुलाई को दोबारा सुनवाई होगी।
दिन में चलेगी मेट्रो
मेट्रो के अधिकारियों ने कहा कि हमारी तुलना रेलवे से नहीं हो सकती है। कारण, हमारा परिचालन सुबह 5 से रात 11 बजे तक ही होगा। जबकि, रेलवे का परिचालन 24 घंटे है। रेलवे द्वारा यात्री गाड़ी के साथ मालगाड़ी भी चलाई जाती है। इससे रेलवे को फायदा होता है। मेट्रो का परिचालन होने से लोग तेज और सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे। तय समय सीमा के अंदर नियत स्थान पर पहुंच सकेंगे। जाम की समस्या का सामना नहीं करना होगा। लोगों को लग्जरी यात्रा का आनंद मिलेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
