एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में मंत्री अशोक चौधरी से भिड़े डिप्टी सीएम सिन्हा..
पटना.बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में सोमवार को एनडीए विधानमंडल दल की बैठक हुई। इसमें उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी के बीच तू-तू, मैं-मैं हुई। विजय ने अशोक पर ग्रामीण कार्य विभाग के काम में स्थानीय विधायकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा-इस विभाग के कार्यक्रम में स्थानीय विधायकों को नहीं बुलाया जाता है। उनका समर्थन भाजपा और जदयू के विधायकों ने मेज थपथपा कर किया।
विजय का कहना था कि ग्रामीण सड़कों का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। इस पूरे हंगामे के दौरान मुख्यमंत्री खामोश रहे। चुपचाप देखते रहे। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शांत रहे। अंत में मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा-जनता को अपनी सरकार के काम व उपलब्धियां तो बताएं ही, उनको 2005 के पहले और अभी के बिहार का फर्क भी समझाएं। खासकर नई पीढ़ी को यह फर्क बताना बहुत जरूरी है। योजनाओं के लाभ के बारे में बताएं।
विधायकों ने मंत्री अशोक चौधरी को हूट किया। बोले- हमलोग बोल रहे हैं। हमको सुनिए। भाजपा विधायकों ने कहा- मंत्री (अशोक चौधरी) हमारी उपेक्षा करते हैं। यह गठबंधन धर्म के खिलाफ है।
तेजस्वी का तीखा हमला
1000 करोड़ रुपए ग्लोबल टेंडर से वसूलने की तैयारी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उन्होंने कहा-ग्लोबल टेंडर के जरिए जेडीयू ने ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया। चुनाव से पहले 1000 करोड़ वसूलने का टारगेट है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पूरी तरह बेबस हैं। मंत्री आपस में भिड़ रहे हैं। ग्रामीण सड़कों का निर्माण चुनाव से पहले नहीं होने वाला है।सिर्फ टेंडर मैनेज कर लूट-खसोट का खेल चल रहा है। हर घर नल-जल योजना तो और भी बड़ा घोटाला है।
विजय बोले-गठबंधन धर्म का पालन सभी को करना होगा
विजय सिन्हा ने कहा कि गठबंधन धर्म सिर्फ दल का नहीं। बल्कि सभी दलों का दायित्व है। सभी सहयोगियों को एक-दूसरे के जनप्रतिनिधियों की भावनाओं को समझना होगा। उन्होंने विधायक प्रह्लाद यादव का मामला भी उठाया। कहा-प्रह्लाद राजद छोड़ हमारे साथ आए। उनके बारे में कई नेताओं ने तो इशारों में यहां तक कह दिया कि अबकी उनको टिकट नहीं मिलेगा।
नल-जल योजना में व्यापक भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठा। कई विधायकों ने नल-जल योजना में भ्रष्टाचार का मसला उठाया। इस पर चिंता जताई। उनका कहना था कि राज्य भर में इस योजना में भारी गड़बड़ी हुई है। इससे जनता में रोष है।
भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, लखेंद्र पासवान, गायत्री देवी समेत अन्य विधायकों ने ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए ग्लोबल टेंडर पर सवाल उठाया। विधायकों ने कहा-टेंडर से स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका सीमित हो गई है। चुनाव में नुकसान होगा।
सोमवारी के दिन एनडीए के भोज में मटन पर कांग्रेस का तंज
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक के बाद विधायक-विधान पार्षदों के लिए भोजन का इंतजाम था। इसमें मटन भी था। कुछ ने खाया। कुछ ने सावन के चलते इससे परहेज किया। कांग्रेस ने मटन को ले तंज कसा। सोशल मीडिया पर पोस्ट किया-’’महादेव की आराधना का महीना सावन हो या हो सोमवारी। बीजेपी वाले मटन खाते हैं भर-भर थारी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
