दलसिंहसराय:विवाहिता की हत्या कर शव किया गायब,ससुराल वालों पर मर्डर का आरोप
दलसिंहसराय में एक विवाहिता की हत्या कर उसके शव को लापता कर देने का आरोप है। इस घटना में परिवार वालों के आवेदन पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में दो महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। जबकि, घर के अन्य सदस्य फरार हो गए हैं। मामला दलसिंहसराय अनुमंडल के घटहो थाना क्षेत्र के बहादुरपुर अमरौल गांव का है।
घटना के संबंध में मथुरापुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी दीपक सहनी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मुस्कान (21) की शादी पिछले साल 15 फरवरी को घटहो थाना क्षेत्र के बहादुरपुर अमरौल गांव निवासी मक्खन सहनी के बेटे राजा राम सहनी के साथ की थी। उस समय दान दहेज भी दिया था।शादी के कुछ दिनों तक सब ठीक-ठाक रहा। उसके बाद अचानक एक सोने की चेन और बाइक की मांग की जाने लगी। मांग को देखते हुए उन्होंने कहा था कि जब वह अपने बेटे की शादी करेंगे तो दामाद को चेन देंगे। लेकिन, बेटी की प्रताड़ना कम नहीं हुई।
बेटी ने मारपीट का आरोप लगाया था
बुधवार दिन के 11:50 बजे उनकी बेटी ने चचेरी सास का मोबाइल लेकर फोन किया कि उनके साथ ससुर समेत परिवार के लोग लाठी डंडे से पिटाई कर रहे हैं । हालांकि, इस दौरान परिवार के लोगों के पहुंच जाने पर मोबाइल बंद हो गया। लगातार वह मोबाइल पर फोन करते रहे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।करीब दिन के 2 बजे वह लोग गांव पहुंचे तो वहां पर उनकी बेटी नहीं मिली। जबकि उनकी समधन वहां पर थी। उसने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान की तबीयत खराब है। उसे दलसिंहसराय ले जाया गया है।
अस्पताल में खोजने पर नहीं मिली बेटी
दलसिंहसराय में सभी निजी व सरकारी अस्पतालों में खोजबीन कर लिया। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चल सका। वह फिर से अमरौल पहुंचे । लेकिन, उनकी बेटी नहीं मिली। वह इधर-उधर खोजबीन करने लगे और रात करीब 1:30 बजे थाने पर आकर आवेदन दिया है।इस घटना के 24 घंटा से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी उनकी बेटी का कुछ पता नहीं चल सका है। उन्हें शक है कि उसकी हत्या कर उसके शव को गायब कर दिया गया है।दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक विभाग की टीम को भी बुलाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
