हम नेता हत्याकांड का आरोपी गुरुग्राम से गिरफ्तार: 25 हजार का था इनाम
बेगूसराय.हम के साहेबपुर कमाल प्रखंड अध्यक्ष और 20 सूत्री सदस्य संदलपुर निवासी राकेश कुमार उर्फ विकास हत्या मामले में एक नामजद आरोपी को हरियाणा में पकड़ा गया है। वहां गिरफ्तारी की मिली सूचना पर बेगूसराय DIU टीम और साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस ने उसे आज बेगूसराय लाया और पूछताछ चल रही है।साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के फुलमलिक निवासी भूपेंद्र यादव का बेटा गौरव कुमार को पुलिस ने पकड़ा है। इसपर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। SIT सहित कई टीम उसके पीछे पड़ी हुई थी, लेकिन बाहर भाग जाने के कारण पकड़ा नहीं जा सका था।
इसी बीच मंगलवार को गुरुग्राम (हरियाणा) के मानेसर अपराध शाखा इंचार्ज उप निरीक्षक ललित कुमार को सूचना मिली कि गुरुग्राम के पाथरेड़ी में डकैती, रंगदारी, फिरौती और अपहरण को अंजाम देने वाला एक अंतरराज्यीय अपराधी आया है। इसके बाद पुलिस ने आयुक्त विकास अरोड़ा के निर्देशन में उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि पकड़ा गया गौरव कुमार बेगूसराय का रहने वाला है। वह साहेबपुर कमाल थाना में अपहरण कर हत्या सहित अन्य अपराधों में वांछित था। आरोपी पुलिस से छुपने के लिए गुरुग्राम आया था, लेकिन गुरुग्राम में आते ही गिरफ्तार कर लिया गया।मानेसर अपराध शाखा की पुलिस टीम ने इसकी सूचना साहेबपुर कमाल थाना को दी। सूचना मिलते ही यहां से DIU एवं साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद कागजी कार्रवाई कर उसे सौंप दिया गया। वहां से पुलिस टीम उसे लेकर बेगूसराय पहुंची।
घर के बगल से हुआ था अपहरण, दियारा में मिली थी लाश
दरअसल, 24 मई की देर शाम करीब 7:30 बजे बदमाशों ने संदलपुर निवासी इंद्रदेव साह के बेटे राकेश कुमार उर्फ विकास का घर के बगल से अपहरण कर लिया था। सक्रिय युवा नेता के अपहरण और ताबड़तोड़ गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और अलग-अलग टीम बनाकर लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन उसे बरामद नहीं किया जा सका।28 मई की रात में मुंगेर के लाल दियारा इलाके में राकेश कुमार उर्फ विकास की क्षत-विक्षत लाश मिली थी। इस मामले में पिता इंद्रदेव साह ने सरपंच सीता देवी और उसके पति कुख्यात अपराधी डब्लू यादव सहित 11 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ FIR कराई गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरपंच सीता देवी व गुरुग्राम में पकड़े गए गौरव की मां नामजद रानी देवी को घटना की रात में ही गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्य आरोपी अभी भी फरार है
शेष फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए इनाम की घोषणा कर छापेमारी की जा रही थी। बाद में पुलिस ने नामजद रॉबिन यादव उर्फ रविन यादव को साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के सलेमाबाद दियारा से गिरफ्तार किया था। जबकि दूसरे नामजद आरोपी राजीव यादव को यूपी के गौतम बुद्ध नगर से गिरफ्तार किया था। अब गौरव को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी डब्लू यादव सहित अन्य फरार हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
