पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ा,दीघा सहित सभी घाटों पर पानी चढ़ा
पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में दीघा घाट पर 22 सेमी और गांधी घाट पर 21 सेमी बढ़ा है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक, बुधवार को दोपहर बाद 2 बजे दीघा घाट पर जलस्तर 46.86 मीटर और गांधीघाट पर 45.95 मीटर मापा गया है। इन दोनों जगहों पर जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है। खतरे का निशान दीघा घाट पर 50.45 मीटर और गांधीघाट पर 48.60 मीटर है। हालांकि शहर के सभी घाटों पर गंगा का पानी चढ़ गया है।
इधर, गंडक का जलस्तर गोपालगंज जिले के डुमरिया घाट पर चेतावनी जलस्तर को पार कर गया है। बुधवार की सुबह 6 बजे डुमरिया घाट पर 61.80 मीटर मापा गया है। जबकि, यहां चेतावनी जलस्तर 61.22 मीटर है। अब खतरे के निशान से महज 42 सेमी नीचे है। इस कारण गंडक के आसपास के निचले इलाके में बाढ़ का पानी पूरी तरह से फैल गया है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक, वाल्मीकि नगर बराज से बुधवार को 2 बजे 90,600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसमें अभी बढ़ोतरी की संभावना है।