समस्तीपुर:522.77 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास:छाता पकड़े दिखे नीतीश कुमार
समस्तीपुर.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बारिश के बीच समस्तीपुर के सरायरंजन प्रखंड के मणिका मुसापुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने 522.77 करोड़ रुपए की लागत से अलग-अलग विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस साल की शुरुआत में प्रगति यात्रा के फर्स्ट फेज में 13 जनवरी 2025 को समस्तीपुर में आज शिलान्यास किए गए विकास योजनाओं की घोषणा की थी।मुख्यमंत्री के पहुंचने की खबर के बाद सैंकड़ों की संख्या में गांव के लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। यहां मुख्यमंत्री के आने के पहले ही बारिश शुरू हो गई, लेकिन बारिश के बीच ग्रामीण सिर पर कुर्सी रखकर खड़े रहे। वहीं, बारिश के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छाता लेकर गाड़ी से उतरे और ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार किया। इस बीच, ग्रामीण नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।
बारिश के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार छाता लेकर गाड़ी से उतरे और हाथ हिलाकर गांव के लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री के आने से पहले से बारिश हो रही थी। रिमझिम बारिश के बीच लोग सीएम के इंतजार में कुर्सी पर बैठे रहे।नीतीश कुमार के आने के बाद बारिश तेज हो गई, जिसके बाद लोग जिन कुर्सियों पर बैठे थे, उन्हें सिर पर उठा लिया और बारिश से बचने की कोशिश की।मणिका में 200.67 करोड़ की लागत से तीन योजनाओं का शिलान्यास किया
सबसे पहले मुख्यमंत्री ने मणिका स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय से 200.67 करोड़ रुपए की लागत वाली तीन योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 62.25 करोड़ रुपए की लागत से शिवाजीनगर प्रखंड में करेह नदी के शंकरपुर घाट पर आरसीसी पुल, 42.308 करोड़ रुपए की लागत से मणिका स्टेट हाइवे-88 से से विक्रमपुर नेशनल हाइवे-322 तक बाईपास का निर्माण कार्य और 96.11 करोड़ रुपए की लागत से रोसड़ा-शिवाजीनगर-बरियाही घाट-बहेड़ी पथ का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल हैकार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप पुदुकलकट्टी ने साइट प्लान के जरिए शिलान्यास किए गए विकास योजनाओं के संबंध में डिटेल में जानकारी दी।
मुसापुर में 322.10 करोड़ की लागत से एक प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया
इसके बाद मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिला के सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत मुसापुर ग्राम पंचायत स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से बलान एवं जमुआरी नदी के गाद उड़ाही कार्य के शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया, इसकी कुल लागत राशि 322.10 करोड़ रुपया है। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने मुख्यमंत्री को साइट प्लान के माध्यम से बलान एवं जमुआरी नदी के गाद उड़ाही कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आज शिलान्यास किए गए विकास योजनाओं का काम निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ठीक ढंग से पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। हमलोग प्रारम्भ से ही हर क्षेत्र में विकास का काम कराते रहे हैं। सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, अस्पताल से लेकर हर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं बेहतर ढंग से लोगों तक पहुंचे, इसके लिए हम लोग निरंतर लगे रहते हैं।
मनिका से विक्रमपुर तक बाईपास: मनिका के स्टेट हाईवे-88 से विक्रमपुर नेशनल हाईवे-322 तक बनने वाले बाईपास की लंबाई करीब 10.35 किलोमीटर होगी। ये बाईपास नरघोघि स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज से होते हुए नेशनल हाईवे से जुड़ेगी। इस बाईपास के बनने से मेडिकल कॉलेज आने-जाने वालों को आसानी होगी। इसके अलावा, आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मनिका से विक्रमपुर तक बनने वाले बाईपास पर 42.31 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
बलान-जमुआरी नदी गाद उड़ाही परियोजना: 322.10 करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी योजना से समस्तीपुर के सरायरंजन, मोरवा, विद्यापति नगर, ताजपुर और दलसिंहसराय के लाखों परिवारों को जलजमाव से राहत मिलेगा। साथ ही इस इलाके के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा में विस्तार होगा। इसके अलावा, भूजल स्तर में सुधार भी होगा। बलान-जमुआरी नदी के संगम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
