समस्तीपुर :बिथान में पानी में डूबने से युवक की हुई मौत, मातम
बिथान।लरझा घाट थाना क्षेत्र के दर्जिया फुहिया गांव में मंगलवार को एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दर्जिया फुहिया गांव निवासी बिपिन कुमार के पुत्र अंशु कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बारहवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार अंशु गांव के पूर्वी हिस्से में स्थित बाढ़ ग्रस्त इलाके में मवेशियों के लिए चारा लाने गया था।
यह इलाका कमला बलान बायां तटबंध के पास स्थित है,जो इस समय बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिरा हुआ है। चारा लेकर लौटते समय वह तेज बहाव वाले रास्ते से गुजर रहा था, तभी अचानक उसका पांव फिसल गया और वह पानी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत ग्रामीण गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद अंशु का शव बरामद कर लिया गया।
सूचना मिलते ही लरझा घाट थाना अध्यक्ष अनिल कुमार रजक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
