डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन, लाठीचार्ज
बिहार की सरकारी नौकरियों मे डोमिसाइल लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को हजारों छात्रों ने डाकबंगला चौराहा जाम कर दिया। इसी बीच भाजपा के एक नेता कार से वहां से गुजर रहे थे। छात्र-छात्राओं ने उनकी कार को रोक लिया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटने को कहा। इतने में पुलिस से धक्कामुक्की होने गली। हालत बेकाबू होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
इस दौरान कई गिर गए। एक छात्रा बेहोश हो गई। पुलिस 5 छात्र-छात्राओं को पकड़कर थाने ले गई। करीब तीन घंटे तक डाकबंगला चौराहा जाम होने से वाहनों की कतार लग गई। बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष दिलीप कुमार के आह्वान पर हजारों छात्र हाथ में तिरंगा, झंडा-बैनर और डोमिसाइल नीति लागू करने की तख्ती लेकर निकले। पटना कॉलेज के पास से निकले छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए अशोक राजपथ होते निकले थे। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उसके बाद प्रशासन ने प्रतिबंधित क्षेत्र से हटने को कहा, पर वे नहीं माने। बाद में प्रशासन दिलीप कुमार और अन्य चार को मुख्य सचिव से मिलाने ले गया। इतने में भाजपा नेता की गाड़ी पहुंची। छात्रों ने गाड़ी को रोक दिया। उसके बाद लाठीचार्ज हुआ।
शिक्षक भर्ती में सौ फीसदी डोमिसाइल लागू हो
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती में सौ प्रतिशत डोमिसाइल लागू हो। प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में देने से बच्चों को फायदा होता है। वहीं माध्यमिक-उच्चतर माध्यमिक शिक्षक, दारोगा, सिपाही, बीएसएससी सहित बिहार की सभी सरकारी नौकरियों मे 90 प्रतिशत डोमिसाइल प्रत्यक्ष रूप से लागू हो। 10 प्रतिशत सीटें ओपन रखी जाएं ताकि बिहार से बाहर के अभ्यर्थियों भी मेरिट के आधार पर चयनित हो सकें। सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार से संबंधित प्रश्न अधिक से अधिक पूछ कर अप्रत्यक्ष रूप से भी डोमिसाइल लागू किया जाए।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
