समस्तीपुर:नर्सिंग होम में बच्ची की मौत,कर्मी को परिजनों ने पीटा:हंगामा
समस्तीपुर में एक निजी नर्सिंग होम में बच्ची की मौत हो गई है। बच्ची पिछले 8 दिनों से यहां भर्ती थी। मौत के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम के कर्मचारियों की पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामला नगर थाना क्षेत्र स्थित मवेशी अस्पताल के सामने का है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरियापुर नवादा गांव के रहने वाले सुधीर कुमार की 8 साल की बेटी माही कुमारी का इलाज चल रहा था। ये बीमार थी। परिजनों के अनुसार आज बच्ची डिस्चार्ज होने वाली थी। उसी दौरान नर्सिंग स्टाफ ने एक सुई लगाया। सुई लगने के बाद बच्ची की मौत हो गई।
इंजेक्शन लगने के बाद गई जान
मृतक बच्ची के चाचा धीरज कुमार ने बताया कि उन्होंने नर्सिंग होम का पूरा भुगतान कर दिया था। आज बच्ची को छुट्टी मिलने वाली थी। घर जाने से पहले नर्सिंग स्टाफ ने बच्ची को एक इंजेक्शन लगाया। बच्ची के शरीर पर इन्फेक्शन के कारण दाग निकल आए और उसकी मौत हो गई। आज बच्ची सही सलामत थी। यहां डॉक्टर ने कहा था कि सूई देने के बाद बच्चे को लेकर चले जाइएगा। लेकिन, इसके बाद बच्ची की जान गई है।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन, आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में भी अस्पताल कर्मियों को पीटना जारी रखा। इस दौरान नर्सिंग होम के सभी स्टाफ वहां से भाग गए।
डायल-112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर हंगामे को शांत कराया। अपर थानाध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि परिजन इलाज के बीच में ही बच्ची को किसी दूसरे डॉक्टर के पास ले गए थे।
उपचार के दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे फिर से उसी क्लिनिक में लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं हुई है। आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
