बिहार को चार अमृत भारत समेत 8 नई ट्रेनें जल्द मिलेंगी, यात्रियों को सुविधा..
पटना.बिहार को शीघ्र ही चार अमृत भारत सहित आठ नई ट्रेनों की सौगात मिलेगी। सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसपर मुहर लगा दी। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। इनमें पांच लंबी दूरी की ट्रेनें हैं, जबकि तीन ट्रेनें अररिया से गलगलिया के बीच एक से दो महीने में चलेंगी। समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम में रेल परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद रेल मंत्री विशेष ट्रेन से दीघा हॉल्ट पहुंचे और उसका निरीक्षण किया।
यात्री सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया। यहां पत्रकारों से कहा कि बहुचर्चित बिहटा-औरंगाबाद रेललाइन परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है। इसके बाद यह परियोजना गति पकड़ेगी। रेल मंत्री ने पटना में बिहार के लिए कई अहम घोषणाएं भी कीं। कहा कि दो टेक्नोलॉजी पार्क सहित तीन रेल परियोजनाओं को भी मंजूरी दे दी गई है। 53 करोड़ की लागत से पाटलिपुत्र में और 10 करोड़ की लागत से दरभंगा में निर्मित एसटीपीआई (सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया) का जल्द उद्घाटन होगा।
रेल मंत्री से दीघा ब्रिज हॉल्ट के पुनर्निर्माण की मांग
भाजपा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने रेल मंत्री से दीघा ब्रिज हॉल्ट के पुनर्निर्माण की मांग की है। रेल मंत्री ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। विधायक ने 53 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित दीघा एसटीपीआई के लिए आभार जताया। कहा कि दीघा एसटीपीआई का जल्द उद्घाटन किया जाएगा। चौरसिया ने बताया कि सूबे में आईटी उद्योग को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से पाटलिपुत्र इलाके में एसटीपीआई का निर्माण किया गया है।
नई परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दी जाएगी
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पटना से नई दिल्ली मार्ग पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। कहा कि जल्द ही बिहार के लिए कुछ नई परियोजनाओं को मंजूरी दी जाएगी। इसमें 1156 करोड़ की लागत से 53 किमी लंबी भागलपुर-जमालपुर तीसरी लाइन, 2017 करोड़ रुपए की लागत से 104 किमी लंबी बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया का दोहरीकरण और 3000 करोड़ की लागत से 177 किमी लंबी रामपुर हाट-भागलपुर का दोहरीकरण शामिल हैं।
रेल बजट 10 गुना बढ़ाया गया
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में रेलवे के विकास के लिए पिछले 11 वर्षों में रेल बजट को 10 गुना बढ़ाकर 10 हजार करोड़ कर दिया है। 11 वर्षों में लंबित परियोजनाओं को पूरा किया गया है। रेलवे नियुक्ति में वार्षिक कैलेंडर में सुधार किया गया है। पहले की अपेक्षा नियुक्तियां बढ़ी हैं। इस दौरान विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व मध्य रेल के जीएम छत्रसाल सिंह, दानापुर के डीआरएम जयंत कुमार चौधरी समेत रेलवे के कई अधिकारी भी उनके साथ थे। पटना से नई दिल्ली, दरभंगा व लखनऊ के लिए चलेंगी ट्रेनें : रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि पटना-नई दिल्ली के बीच प्रतिदिन, दरभंगा-लखनऊ और मालदा टाउन-लखनऊ के बीच एक-एक साप्ताहिक अमृत भारत ट्रेन चलेगी। सहरसा और अमृतसर के बीच भी एक अमृत भारत ट्रेन चलाई जाएगी। साथ ही सीमांचल से दक्षिण भारत के लिए एक नई ट्रेन जो जोगबनी से इरोड के बीच चलाई जाएगी। पटना से दिल्ली के लिए अमृत भारत ट्रेनों का परिचालन दशहरा से पहले शुरू होने की संभावना है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
