मोहिउद्दीन नगर में डूबने से युवक की मौत:स्नान के दौरान मौत, SDRF ने निकाला शव
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के करीम नगर पंचायत के हेमनपुर गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। दोपहर लगभग 2 बजे स्नान करते समय वाया नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई।मृतक की पहचान हेमनपुर गांव के वार्ड नंबर 1 निवासी बिंदु सिंह के पुत्र मणि कांत कुमार सिंह उर्फ गोलू के रूप में हुई है। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। इसी दौरान मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के रहेपुर गांव निवासी राहुल सहनी, मोगलचक मांझा गांव के राजा सहनी और अन्य स्थानीय गोताखोरों ने काफी मेहनत के बाद युवक के शव को बरामद किया।स्थानीय विधायक राजेश कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।
मृतक युवक के परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन के साथ दादा-दादी हैं। परिवार पहले से ही गरीबी से जूझ रहा था और मणि कांत परिवार का सहारा था। वह पढ़ाई-लिखाई में तेज था और परिवार को गरीबी से उबारने की उम्मीद थी। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गरीबी से जूझ रहे इस परिवार का अब क्या होगा, यह चिंता का विषय बन गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
