कुएं में गिरा मोबाइल,निकालने गए चाचा-2 भतीजों की मौत:4 घंटे चला रेस्क्यू
India:फिरोजाबाद में कुएं में गिरे मोबाइल को निकालने के चक्कर में चाचा और 2 भतीजों की जान चली गई। तीनों कुएं में बारी-बारी घुसे थे। वहां जहरीली गैस थी, इसके चलते वह बेहोश हो गए।कुएं के अंदर बेहोश पड़े होने की सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। करीब चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। संयुक्त चिकित्सा अस्पताल के डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना थाना शिकोहाबाद के गांव नगला पोहपी की है.
गेम खेल रहा था, हाथ से छूटा मोबाइल और कुएं में गिरा
थाना शिकोहाबाद के गांव नगला पोहपी निवासी ध्रुव कुमार (22) और अजय कुमार (25) चचेरे भाई हैं। वहीं चन्द्रवीर (28) अजय का चाचा है। मंगलवार दोपहर एक बजे करीब दोनों चचेरे भाई खेत में बने कुएं के पास गए थे।ग्रामीणों ने बताया, अजय अपने ससुर के फोन से बात कर रहा था। इसके बाद वहीं बैठकर गेम खेलने लगा। उसी दौरान अचानक उसके हाथ से फोन छूटकर कुएं में जा गिरा।
ध्रुव फोन को निकालने के लिए कुएं के अंदर रस्सी पकड़कर चला गया, लेकिन काफी देर तक वह बाहर नहीं आया। कुछ देर बाद अजय का चाचा चंद्रवीर भी मौके पर आ गया। ध्रुव को कुएं से बाहर निकालने के लिए अजय रस्सी पकड़कर अंदर चला गया। वह भी बेहोश हो गया।दोनों भतीजों के बेहोश होने पर चंद्रवीर रस्सी पकड़कर कुएं के अंदर जा पहुंचा। लेकिन वह भी बेहोश हो गया। काफी देर तक जब तीनों अपने-अपने घरों पर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता सताने लगी।
पांच थानों की फोर्स मौके पर पहुंची
सूचना मिलने के बाद परिजन ने कुएं के अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। तीनों अंदर बेहोश पड़े थे। घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल ही फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, मक्खनपुर, मटसेना, जसराना थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा।मेडिकल टीम, एडीएम विशु राजा, एसडीएम विकल्प, डॉ. गजेन्द्रपाल सिंह, सीओ प्रवीण कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर शिकोहाबाद अनुज राणा अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे।
4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड प्रभारी बृजेश कुमार भी टीम के साथ गांव में आ गए। जिन्होंने लगभग चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन करके तीनों को कुएं से बाहर निकाला। उन्हें संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद भेजा गया। जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
