गंडक में डूबे 4 लड़कों की एक साथ उठी अर्थी:नदी में नहाते वक्त डूब गए थे, मरने वाले जुड़वां भाई..
बेगूसराय में बुधवार को बूढ़ी गंडक में डूबकर 2 नाबालिग सहित 4 की मौत हो गई थी। ब्रह्मस्थान परिसर से गुरुवार को एक साथ चारों की अर्थी उठी। दादा के कंधे पर पोता की अर्थी, पिता के कंधे पर बेटे की अर्थी देखकर हर किसी की आंखें नम थी। रोते बिलखते परिजन के साथ शव यात्रा गांव के बगल में स्थित बूढ़ी गंडक नदी के श्मशान घाट पर पहुंची। जहां चारों का दाह संस्कार किया गया।
नुरुल्लाहपुर सहनी घाट पर स्नान करने के दौरान कल्लर दास के बेटे रौशन कुमार (12), चांदसी दास के जुड़वा बेटे अविनाश कुमार (18) व अभिषेक कुमार (18) और राम शोभित दास के बेटे नीतीश कुमार (15) की मौत मौत हो गई थी। घटना खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र की है। मौके पर परिजन के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता
मंझौल एसडीओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम गुरुवार को नुरुल्लाहपुर पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के परिजन को सांत्वना देते हुए हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। एसडीओ ने बताया कि मृतक के परिजनों को किसी भी कागजात के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। परिजनों को जरूरी कागजात उपलब्ध कराया जाएगा। जिससे जल्द मृतक के परिजन को मुआवजा राशि मिल सके। इस दौरान अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।
घटना की जानकारी मिलते ही इंडियन इंकलाब पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रो. के राज, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार राजू, बलिया अनुमंडल अध्यक्ष विजय कुमार तांती, ऐजनी पंचायत के मुखिया पंकज कुमार, सहित पान समाज के नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। चारों मृतक के परिजनों को तत्काल 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।
दोनों जुड़वां भाई दिल्ली में पढ़ाई करते थे
मृतक अभिषेक चार भाई था। जिसमें अभिषेक के अलावे अविनाश, दीपक कुमार और रुपक कुमार है। अभिषेक और अविनाश दोनों सहोदर जुड़वां भाई की मौत हो गई। इस घटना से मृतक की मां सूर्यमाला देवी, भाई और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
चांदसी दास के जुडवां दोनों पुत्र अविनाश और अभिषेक अपनी मां के साथ 28 मई को ही दिल्ली से गांव आए थे। अभिषेक और अविनाश शुक्रवार को दिल्ली जाने वाला था। दोनों भाई दिल्ली में रहकर इंटर की पढ़ाई करते थे। उसका पूरा परिवार दिल्ली में ही रहता है। मृतक के पिता चांदसी दास सोमवार को दिल्ली चले गए।
नीतीश भाई-बहनों में छोटा था
मृतक नीतीश अपने 3 भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। अपने बेटे की मौत से उसकी मां मीरा देवी और उनके परिजन बदहवास हैं।
रौशन भी अपने घर में सबसे छोटा था
तीसरा मृतक रौशन तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसके भाइयों में मुकेश कुमार, राजेश कुमार, बहन तारा कुमारी, सीता कुमारी, आरती कुमारी शामिल है। मृतक की मां अनिता देवी और उनके परिजनों के आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है।
आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी
अपने नानी घर आया सुमित भी स्नान करने गया था, लेकिन जब डूबने लगा तो खुद किसी तरह नाव पकड़कर पानी से निकला। बांस पकड़कर मंतोष को डूबने से बचाया। सुमित ने बताया कि कई लड़के नदी में नहा रहे थे। वह तैरना जानता था, इसलिए वह पानी से बाहर आ गया। फिर नदी किनारे रखे बांस के सहारे मंतोष को बचाया। उसने हल्ला किया तो गांव वाले पहुंचे, तब तक चार लड़के नदी के गहरे पानी में डूब चुके थे।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजन दाह संस्कार में व्यस्त थे, जिससे आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर यूडी केस दर्ज किया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
