समस्तीपुर में कार-बाइक की टक्कर, 1 की मौत:एक घायल,सड़क जाम
समस्तीपुर में बुधवार को कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक हसनपुर थाना के दूधपुरा बाजार निवासी मदन दास के बेटे गौरव कुमार (23) है।
वहीं, घायल राजा कुमार दूधपुरा बाजार निवासी रामचंद्र साह का बेटा है। जिसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के विरोध में लोगों ने लाश को सड़क पर रखकर सिंघिया-रोसड़ा सड़क को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में मौके पर सिंघिया थानाध्यक्ष राजकिशोर राम ने लोगों को समझाया और मामला शांत कराया।लोगों ने बताया कि गौरव और उसका दोस्त राजा बाइक से सिंघिया बाजार जा रहा था। कल्हुआ घाट के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर रोसड़ा की ओर भाग गया।
शोर होने पर जुटे लोग दोनों को उपचार के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान गौरव की रास्ते में ही मौत हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी परिजन और स्थानीय थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। इससे गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया.लोगों का आरोप था कि बेहट चौक से लेकर कल्हुआ घाट और अगरौल गांव तक दर्जनों लाइन होटल और ट्रांसपोर्ट खुले हैं। भारी वाहन चालक सड़क किनारे गाड़ी खड़ा कर सोते हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रास्ता नहीं मिलता। अक्सर इसी कारण हादसा हो रहा है।
प्राथमिकी दर्ज की जाएगी
सिंघिया थानाध्यक्ष राजकिशोर राम ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत हुई है। जबकि एक युवक जख्मी है। घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शव को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
