Patna

RCB की जीत के जश्न में भगदड़, 11 की मौत, 33 घायल, पीएम ने जताया दुख

Bengaluru Stampede:पटना.आईपीएल 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत पर पूरे कर्नाटक में जश्न मनाया जा रहा है. खिलाड़ियों का बेंगलुरु में जोरदार स्वागत किया गया. खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे. भीड़ की वजह से स्टेडियम गेट के बाहर भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है. हादसे में 33 लोग घायल हुए हैं. कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा, “भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 घायल हो गए.” इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है. हादसे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है. बीजेपी ने हादसे के लिए कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

पीएम मोदी ने घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की प्रार्थना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु भगदड़ पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं.’

 

 

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने हादसे पर जताया दुख

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, “बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी टीम के जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में कई लोगों की जान जाने और कई के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनकर हमें गहरा सदमा लगा है. इस त्रासदी के दर्द ने जीत की खुशी को भी खत्म कर दिया है. मृतकों की आत्मा को शांति मिले और घायलों और अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों को जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. ऐसी भगदड़ और भीड़ के बेकाबू होने के कारण अप्रिय घटना की आशंका के चलते टीम को विजय परेड में मार्च करने की अनुमति नहीं दी गई थी. हालांकि, स्टेडियम के पास लोगों की भीड़ के कारण मची भगदड़ के कारण यह दुर्घटना हुई. मैं जनता से अपील करता हूं कि वे समझें कि प्यार और स्नेह से ज्यादा महत्वपूर्ण जीवन है और सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें.”

 

घायलों से मिले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भगदड़ को लेकर कहा, “मैंने पुलिस कमिश्नर और सभी से बात की है. मैं बाद में अस्पताल भी जाऊंगा। मैं उन डॉक्टरों को परेशान नहीं करना चाहता जो मरीजों की देखभाल कर रहे हैं. अभी सटीक संख्या नहीं बताई जा सकती. हम लोगों से शांत रहने की अपील करते हैं. हमने कार्यक्रम को छोटा कर दिया. कार्यक्रम 10 मिनट में ही खत्म हो गया। हम सब कुछ सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं. लाखों लोग आए.” भगदड़ पर भाजपा के आरोपों पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, “वे आरोप लगाने के लिए वहां हैं और हम सुरक्षा के लिए वहां हैं…हां, मैं अस्पताल जा रहा हूं.”

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!