मजदूर की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:पत्नी बोली-पड़ोस की महिला से था संबंध
दलसिंहसराय के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के सोंठगामा वार्ड 7 में एक युवक ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही वार्ड 4 निवासी शिवचंद्र साहनी के 32 वर्षीय पुत्र हेमंत साहनी के रूप में हुई है। हेमंत पांच दिन पहले ही अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था। जानकारी के मुताबिक, हेमंत ने मंगलवार की रात पंखे से गमछे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
हेमंत की शादी साल 2015 में सोंठगामा के रहने वाले बैधनाथ साहनी की बेटी जगमाया देवी से हुई थी। दंपती को दो बेटे और एक बेटी है। हेमंत पंजाब में रहकर मजदूरी करता था। पत्नी जगमाया देवी ने बताया कि मेरे पति 10 दिन पहले पड़ोस की एक शादीशुदा महिला को लेकर भाग गए थे। लोगों ने दोनों को ढूंढ़ निकाला, इसके बाद मेरे मायके में पंचायत हुई और मेरे पति को ससुराल में जाकर मारा-पीटा गया। मैं उन्हें पांच दिन पहले मायके लेकर आई थी।
बोली- रात को मेरे सास-ससुर ने डांटा था
महिला ने बताया कि रात मेरे सास-ससुर उन्हें डांटा था। उधर, मृतक के भाई देबू साहनी ने इस घटना को हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले मेरे भाई ने गलती की थी, जब वह शादीशुदा महिला को लेकर भाग गया था। तब पंचायत ने उसे बांधकर पीटा था। हम लोगों ने विरोध इसलिए नहीं किया था, क्योंकि भाई ने गलती की थी। लेकिन अब मेरी भाभी खुद उन्हें मायके लाई थी। कल रात हम भी समझा-बुझाकर गए थे, लेकिन आज सुबह खबर मिली कि उन्होंने आत्महत्या कर ली।
देबू सहनी ने कहा कि मुझे लगता है कि ये आत्महत्या नहीं, हत्या है। उधर, सूचना मिलते ही विद्यापति थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। थाना अध्यक्ष फिरोज आलम ने बताया, “हमें सुबह 6 बजे सूचना मिली। घटनास्थल से प्रारंभिक जांच में आत्महत्या प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। हर पहलु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
