Samastipur

समस्तीपुर :कांवर यात्रा पर निकली महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत,हत्या की आशंका, 

समस्तीपुर: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुर जितवारपुर वार्ड 15 स्थित शैलेश स्थान के समीप रविवार को स्थानीय लोगों के समूह में कांवड़ यात्रा पर निकली एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया था. जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के दूसरे दिन सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित खबर के माध्यम से मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी मिली.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

मृतका की पहचान हसनपुर जितवारपुर वार्ड 15 निवासी दुर्गेश कुमार पासवान की 26 वर्षीय पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में बताई गई है. सूचना पर दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष राकेश शर्मा और नगर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने मृतका के परिजन व अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों घटना के बारे में पूछताछ की. पुलिस मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंची. मृतका के मुंह से झाग निकल रहा था.

 

 

उसके शरीर पर अंगवस्त्र हल्का फटा था. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. अपर थानाध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. आवेदन मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, मामले की छानबीन जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा.

 

झमटिया में जल उठाने के बाद पैदल कांवरियों के समूह से आगे निकल गई थी मनीषा

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुर जितवारपुर वार्ड 15 निवासी दुर्गेश पासवान की पत्नी मनीषा रविवार शाम स्थानीय लोगों के समूह में दस पंद्रह महिला पुरुष के साथ कांवड़ यात्रा पर निकली. उसके साथ परिवार के कई अन्य सदस्य भी थे. मृतका के भैंसुर बच्चा बाबू पासवान ने बताया कि रविवार को वह अपनी पत्नी मंजू देवी और भावज मनीषा के साथ समूह में कांवर यात्रा पर निकले. समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पर बछवाड़ा पहुंचे और झमटिया में स्नान पूजा कर पात्र में जल लिया.

 

इसके बाद पैदल करीब शाम सात बजे समस्तीपुर थानेश्वर स्थान मंदिर के लिए प्रस्थान किये. कुछ दूर पैदल चलने के बाद मनीषा समूह से आगे निकल गई. समूह में साथ चले लोगों ने सोचा कि वह आगे जल चढ़ाकर अपने घर पहुंची जायेगी. सुबह थानेश्वर स्थान मंदिर में चढ़ाने के बाद देखा कि मनीषा घर नहीं पहुंची है. इसके बाद खोजबीन करना शुरु किया. इस क्रम में सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर से माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली.

 

देर रात अज्ञात दो व्यक्ति मनीषा को गंभीर हालत में सदर अस्पताल कराया था भर्ती

सदर अस्पताल में देर रात करीब दो बजे बाइक सवार अज्ञात दो व्यक्ति मनीषा को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था. इसके बाद दोनों व्यक्ति वहां से भाग गये. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डाक्टर नागमणि ने बताया कि रविवार रात अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक थी. चिकित्सा कर्मी व्यस्त थे. इस दौरान रात करीब दो बजे अज्ञात कुछ लोग एक महिला को गंभीर हालत में लेकर सदर अस्पताल भर्ती कराया. जब इलाज के लिए भर्ती कराने वाले व्यक्तियों की तलाश की गई, तो वह गायब थे. महिला की हालत नाजुक थी. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. इलाज के दौरान थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा.

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!