Samastipur

“समस्तीपुर में शादी के दिन दुल्हन फरार..सुबह प्रेमी छोड़ गया,परिजनों ने साली से करवा दी दूल्हे की शादी

समस्तीपुर में शादी की सुबह दुल्हन अपने प्रेमी के संग भाग गई। रात में बारात आई तो परिजनों ने दूल्हे को मनाकर दुल्हन की छोटी बहन से उसकी शादी कर विदाई करवा दी। इधर सुबह होते ही घर से भागी दुल्हन को उसका प्रेमी छोड़ गया।गांव वापस आकर दुल्हन ने कहा कि उसके प्रेमी (मनीष कुमार) ने उसका अपहरण कर लिया था। अब परिजन लड़की को अपने साथ रखना नहीं चाहते हैं और प्रेमी भी फरार है। मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

मामला थाना पहुंचा और परिजनों ने कहा- यह लड़की अब उसी प्रेमी के साथ रहेगी, जिसके साथ यह भागी थी। जबकि प्रेमी के घरवाले लड़की को अपनाना नहीं चाहते हैं।लड़की के भाई ने प्रेमी पर एफआईआर दर्ज करवा दी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी प्रेमी का घर लड़की के घर से करीब 200 मीटर दूर है।

रात में बात हुई तो वापस आने को कहा था- चाचा

दरअसल, शुक्रवार (21 जून की) को रोसड़ा थाना क्षेत्र के पबड़ा गांव के लड़के से विभूतिपुर की लड़की की शादी थी। लड़की पक्ष के लोग रीति-रिवाज के साथ शादी की तैयारी में जुटे हुए थे। सुबह 11 बजे दुल्हन घर से शौच करने के बहाने निकली और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।दुल्हन के चाचा ने बताया कि रात 8 बजे लड़की ने अपने भाई को कॉल किया और बताया कि वो रोसड़ा में है। हमने कहा-अभी भी समय है, वापस आ जाओ। पर लड़की ने कहा- वो नहीं आएगी और प्रेमी मनीष के साथ ही रहेगी। इसी बीच रात में बारात घर पहुंची तो सामाजिक प्रतिष्ठा को बचाने के लिए परिजनों ने दुल्हन की छोटी बहन से दूल्हे की शादी करवा दी।

गांव में लड़की को छोड़ भागा प्रेमी

इधर, लड़की रात भर अपने प्रेमी और उनके दोस्तों के साथ रही। सुबह लड़की को प्रेमी उसे गांव के ही एक स्थान पर छोड़कर फरार हो गया। परिजन लड़की को लेकर थाना पहुंचे और उसे अपने साथ नहीं रखने की बात कही। परिजनों का कहना है कि अब लड़की उसी प्रेमी के घर रहेगी, जिसके साथ वो भागी थी। वहीं, दुल्हन ने मनीष कुमार पर जबरन अपहरण का आरोप लगाया है।

मेरा अपहरण हुआ था- लड़की

दुल्हन का कहना है कि शौच करने गई तो मनीष अपने चार-पांच साथियों के साथ आया और उसे जबरन उठा ले गया। वो विभूतिपुर से अपनी मौसी के यहां दलसिंहसराय गया, जहां उसके साथ और भी कई लोग थे। इसमें से दो-तीन को वह जानती हैं। मनीष स्कॉर्पियो से आया था। उसके साथ मारपीट भी की गई। वह वापस लौटना नहीं चाह रही थी लेकिन मनीष उसे जबरन वापस गांव पहुंचा कर भाग गया।वहीं, दुल्हन के भाई ने थाना में FIR दर्ज कराई है। दर्ज बयान के अनुसार, उसकी बहन को गांव के ही युवक मनीष ने शादी का झांसा में लेकर पिस्टल के बल पर उठाया था। उसने आरोप लगाया है कि युवक के परिजनों ने भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की है।

लड़की ने भी मनीष पर लगाए आरोप

विभूतिपुर थाना अध्यक्ष आनंद कश्यप ने बताया कि इस मामले में लड़की के भाई द्वारा गांव के ही मनीष कुमार को आरोपी बनाया गया है। मनीष अभी घर से फरार है। उधर, लड़की का भी बयान लिया गया है। लड़की ने भी मनीष पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!