Patna

“पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी नहीं रहे:72 साल की उम्र में दिल्ली में अंतिम सांस ली, कैंसर से पीड़ित थे

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी का सोमवार शाम को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वे 72 साल के थे। बीते कुछ समय से गले के कैंसर से पीड़ित थे। उनके निधन की जानकारी बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पर दी।सुशील ने करीब 7 महीने पहले गले में दर्द की शिकायत पर जांच कराई थी, जिसमें कैंसर का पता चला था। इसके बाद से दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने 3 अप्रैल को अपने कैंसर की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। लिखा था, ‘पिछले 6 महीने से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है।’

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

सुशील मोदी का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे विशेष विमान से पटना लाया लाएगा। शव को राजेंद्र नगर में निजी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल ही पटना के गुलबी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, लालू प्रसाद यादव समेत कई नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर दुख जताया है।

मंगलवार को सुशील मोदी का पार्थिव शरीर पटना लाया लाएगा, जहां गुलबी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पीएम बोले- बिहार में भाजपा के उत्थान में उनका अमूल्य योगदान रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशील मोदी के निधन पर शोक व्यक्ति करते हुए X पर लिखा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!

जेपी आंदोलन से राजनीति में आए थे
सुशील बिहार में 70 के दशक के जेपी आंदोलन से राजनीति में आए थे। इसके बाद RSS से जुड़े रहे। उनकी छात्र राजनीति की शुरुआत 1971 में हुई थी।

1990 में सुशील ने पटना केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और विधानसभा पहुंचे। साल 2004 में वे भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीते। साल 2005 में उन्होंने संसद सदस्यता से इस्तीफा दिया और विधान परिषद के लिए निर्वाचित होकर उपमुख्यमंत्री बने। यहीं से नीतीश कुमार के साथ उनका साथ शुरू हुआ।

नीतीश सरकार में डिप्टी CM रहे सुशील मोदी
सुशील मोदी 2005 से 2013 और 2017 से 2020 तक बिहार के वित्त मंत्री रह चुके हैं। वो नीतीश सरकार में डिप्टी CM भी रह चुके हैं। 2005 के बिहार चुनाव में NDA सत्ता में आई और मोदी को बिहार भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

बाद में उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया और बिहार के उपमुख्यमंत्री का पद संभाला। 2010 के बिहार चुनाव में NDA की जीत के बाद वह बिहार के उपमुख्यमंत्री बने रहे।

सोशल मीडिया पर नेताओं ने दी सुशील मोदी को श्रद्धांजलि

अमित शाह ने X पर लिखा, ‘सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। उनकी राजनीति गरीबों और पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता।’
लालू प्रसाद यादव ने लिखा- पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर लिखा, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।
तेजस्वी प्रसाद यादव ने X पर लिखा, पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील और कर्मठ नेता आदरणीय सुशील कुमार मोदी जी के असामयिक निधन व्यथित हूं।
नीतीश कुमार ने शोक संदेश में कहा कि स्व. सुशील कुमार मोदी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उपमुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सुशील कुमार मोदी ऐसे नेता थे जिन्हें बड़े पद पर भी अहंकार ने कभी नहीं छुआ। उनके निधन से बिहार भाजपा परिवार ने अभिभावक खो दिया और देश ने एक बड़ा नेता खो दिया।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!