New To IndiaSamastipur

मुंबई में 40 मंजिल से लिफ्ट गिरी,समस्तीपुर के 4 मजदूरों की मौत,2-2 लाख देगी नितीश सरकार

समस्तीपुर।मुंबई में रविवार शाम को एक निर्माणाधीन इमारत में 40वीं मंजिल से कंस्ट्रक्शन लिफ्ट गिर गई। हादसे में लिफ्ट में सवार 7 मजदूरों की मौत हो गई। इसमें 4 मजदूर बिहार के समस्तीपुर के हैं।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

हादसे के बाद परिवारों को कॉल कर ठेकेदार ने इसकी जानकारी दी। मृतकों में 2 तो पहली बार काम करने के लिए घर से बाहर निकले थे। मौत की खबर लगते ही परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीएम नीतीश ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवार को 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है।

सभी मजदूर विभूतिपुर थाना क्षेत्र के टभका गांव के रहने वाले थे। हादसे में किशनपुर टभका वार्ड-10 के उमेश दास के बेटे सुनील कुमार दास(35) की मौत हुई है।

होरिल दास के बेटे रूपेश कुमार दास(23), योगेंद्र दास के बेटे कारी दास(35) और धनपत दास के बेटे मंजेश चौपाल(35) की भी इस हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आज सभी के शव घर लाए जाएंगे।

ठाणे म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन की डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के प्रमुख यसीन तड़वी ने बताया कि सभी मजदूर वॉटर प्रूफिंग का काम करने के बाद 40वीं मंजिल पर लिफ्ट में घुसे। तभी लिफ्ट अचानक से टूट गई और अंडरग्राउंड पार्किंग में आकर गिरी।

माना जा रहा है कि लिफ्ट की केबल के टूटने के चलते यह हादसा हुआ। ये एक आम लिफ्ट नहीं, बल्कि कंस्ट्रक्शन लिफ्ट थी। ऐसी लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्डिंग के बनने के दौरान किया जाता है।

मंजेश चौपाल और सुनील कुमार दास की फाइल फोटो।
परिवार के लोगों ने बताया कि सभी मुंबई के ठाणे इलाके में मकान निर्माण का काम खत्म करने के बाद लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। लिफ्ट में 7 लोग सवार थे। जिसमें 4 समस्तीपुर के थे। अचानक लिफ्ट खराब होने की वजह से सातों मजदूर तेजी से नीचे जा गिरे। इससे घटना में सातों की मौत हो गई।

राजमिस्त्री कारी दास के साथ पिछले सप्ताह ही सुनील और रूपेश मुंबई गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का कारी दास लंबे समय से मुंबई में रहकर मकान निर्माण में मजदूरी करता था। पिछले सप्ताह ही वह गांव आया था। गांव के सुनील और रूपेश को लेकर वह मुंबई गया था। जबकि मंजेश पूर्व से ही मुंबई में रहता था। गांव के दर्जनभर लोग मुंबई में राजमिस्त्री का काम करते हैं।

मृतक रुपेश के भाई नीतीश ने बताया कि रूपेश की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी । रूपेश की पत्नी अभी मायके में है। घटना की जानकारी उसे दी गई है। शादी के बाद पहली बार वह कमाने के लिए प्रदेश निकला था।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!