Issues Problem NewsPatna

पटना:बिस्कोमान में मिल रहा 80 रुपए किलो टमाटर: खरीदने के लिए लोगों की लग रही भीड़

पटना।देशभर में टमाटर के बढ़े हुए दाम को देखते हुए केंद्र सरकार ने सस्ते दाम पर टमाटर बेचने का फैसला लिया है। केंद्र सरकार के फैसले के बाद बिहार में भी जो टमाटर 120 से 150 रुपए किलो मिल रहे थे वह अब 80 रुपए किलो मिलने लगे हैं। राज्य में नेफेड अपने हर सेंटर पर सस्ते टमाटर बेच रहा है। पटना के बिस्कोमान भवन में 80 रुपए किलो टमाटर बिक रहे हैं।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

बिस्कोमान के अध्यक्ष और नेफेड के उपाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि भारत सरकार के उपभोक्ता मंत्रालय की ओर से नेफेड के सहयोग से सस्ते टमाटर बिहार को मुहैया करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले दिन यह टमाटर 90 रुपए की दर से बिके थे, लेकिन अब यह 80 रुपए किलो के दर पर बेचा जा रहा है।

सुनील सिंह के मुताबिक, जहां भी नेफेड और बिस्कोमान का सेंटर होगा। वहां पर यह टमाटर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के तहत प्रति व्यक्ति 2 किलो टमाटर खरीद सकते हैं। टमाटर के दाम में राहत मिलने के बाद बिस्कोमान में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी।

पटना के 40 जगहों को चिन्हित किया गया

सुनील सिंह ने बताया कि जब बिहार में प्याज 120 रुपए किलो था, तब भी बिस्कोमान ने 35 रुपए के दर से प्याज बेचा जा रहा था। इसी तरह जब एक बार फिर टमाटर महंगे हुए हैं तो बिस्कोमान के तरफ से सस्ते दर पर टमाटर बेचा जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि टमाटर को लेकर पूरे देश में भूचाल मचा है। इसे देखते हुए केंद्रीय उपभोक्ता मंत्रालय नेफेड के सहयोग से प्रदेश के लोगों को सस्ते दाम पर टमाटर उपलब्ध करवा रहा है।बिहार में जब तक टमाटर के दाम कम नहीं हो जाता है, तब तक बिस्कोमान में यह टमाटर मिलते रहेंगे।

बिस्कोमान के अध्यक्ष ने बताया कि पटना में 40 जगहों को चिन्हित किया गया है। अधिक संख्या में टमाटर आने के बाद इन जगहों पर टमाटर बिकने लगेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यह टमाटर हैदराबाद और बेंगलुरु से मंगाए जा रहे हैं।

काउंटर खुलते ही उमड़ी भीड़

बिस्कोमान में सोमवार को टमाटर का काउंटर खुलते ही लोगों की भीड़ लगने लगी। लोग खुद को टमाटर खरीदने आए ही साथ में अपने सगे संबंधियों को भी लेकर पहुंचे। एक कस्टमर मो. अजगर ने बताया कि जब वह पटना के अंटा घाट मंडी टमाटर खरीदने जाते हैं तो वहां टमाटर के दाम सुनकर वापस लौट जाते थे। पत्नी अक्सर पूछती टमाटर क्यों नहीं लाते। अजगर ने बताया कि उन्हें जैसे ही पता चला कि बिस्कोमान में सस्ते टमाटर बिक रहे हैं तो वह सबसे पहले टमाटर ही खरीदने पहुंच गए।

बाजार से कम कीमत में मिल रहे टमाटर

वहीं, बिस्कोमान पहुंचे दूसरे ग्राहक देवनंदन का कहना है कि वह एक हफ्ते बाद टमाटर खरीदने पहुंचे हैं। देवनंदन ने बताया कि यहां टमाटर बहुत सस्ता तो नहीं है, लेकिन फिर भी बाजार से कम है। इसीलिए ले रहे हैं।

जब से टमाटर का दाम बढ़ गया था, उस वक्त से ही उन्होंने टमाटर खरीदना बंद कर दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपने घर के साथ साथ सगे संबंधियों के लिए भी टमाटर खरीदने बिस्कोमान आए हैं।

एक महीने से भोजन में टमाटर नहीं

टमाटर लेने बिस्कोमान पहुंची गृहणी लक्ष्मी ने बताया कि एक महीने से उनके घर में टमाटर के बिना ही खाना बन रहा था। उन्होंने बताया कि उनके घर की रसोई में पिछले एक महीने से टमाटर नहीं दिख रहे थे, लेकिन आज टमाटर दिखेगा।

इनके साथ ही एक काफी बुजुग व्यक्ति जिनका नाम त्रिलोचन सिंह है। उन्होंने बताया कि बिना टमाटर खाने में स्वाद नहीं लगता है। अंटा घाट या मुसलहपुर हाट गए तो वहां टमाटर 110 से 120 रुपय किलो था। इसीलिए यहां आया हूं, सस्ता टमाटर लेने के लिए।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!