Samastipur

समस्तीपुर में टोटो चालक की गला दबाकर हत्या:गांव के ठाकुरबाड़ी के चबूतरे पर मिला शव

 

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मंदा वार्ड 8 मोहल्ला में रविवार सुबह गांव के ठाकुरबारी मंदिर के चबूतरे पर टोटो चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। टोटो चालक की गला घोंटकर हत्या की गई है। टोटो चालक की पहचान गांव के जय जय राम सिंह का पुत्र आलोक कुमार 35 वर्ष के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।

घटना के संबंध में बताया गया है कि आलोक करीब 2 सालों से अपनी पत्नी और दो बच्चों से अलग होकर गांव में ही एक दूसरी महिला के साथ रहता था। घर पर उसका आना-जाना नहीं था। रविवार सुबह ठाकुरबाड़ी में पूजा करने पहुंचे लोगों ने आलोक का शव ठाकुरबाड़ी के चबूतरे पर देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाया। हल्ला होने पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। बाद में मामले की जानकारी विभूतिपुर पुलिस को दी गई है। विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।

पत्नी से विवाद के कारण 2 सालों से रहता था अलग
ग्रामीणों ने बताया कि आलोक की शादी कई वर्ष पूर्व हो चुकी है, उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन पिछले 2 सालों से वह अपनी पत्नी और बच्चा से अलग गांव में ही किसी दूसरी महिला के साथ रहता था। जिस कारण वह अपने घर पर भी नहीं आता था। हालांकि उसकी पत्नी अपने मायके में रहती है। वह टोटो चला कर अपना जीवन यापन करता था। सुबह लोगों ने उसका शव देखा। लोगों ने बताया कि उसके गले पर गला घोंटे जाने का निशान मिला है। गला भी काफी फुला हुआ है, जिससे माना जा रहा है कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई है।

पुलिस ने एक महिला को लिया हिरासत में
घटना की सूचना पर पहुंची विभूतिपुर पुलिस ने इस मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इस घटना का तार उक्त महिला से जुड़ा है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।

अवैध संबंध में हत्या की चर्चा
ग्रामीण दबे जुबान बता रहे हैं कि आलोक की हत्या अवैध रूप से उक्त महिला के साथ रहने के कारण उनके परिजनों ने किया है। हालांकि अब तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उधर, विभूतिपुर थाना अध्यक्ष संदीप पाल ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है अभी परिवार के लोगों ने बयान नहीं दिया है। बयान मिलने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!