समस्तीपुर का मौसम:17 जनवरी तक बनी रहेगी अत्यधिक ठंड की संभावना, रात में घना कोहरा छाने के आसार
समस्तीपुर।ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग पूसा व भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को आगामी 14-18 जनवरी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। जिसके अनुसार अगले 3-4 दिनों तक देर सुबह तक अत्यधिक ठंड का प्रकोप बने रहने की संभावना है। हालांकि दिन के समय इसमें सुधार होने का अनुमान है। बताया गया कि दिन की धूप लोगों को राहत पहुंचाने का काम करेगी। वहीं उत्तर बिहार के जिलों में रात में मध्यम से घना कोहासा छा सकता है। वहीं सुबह में यह हल्का से मध्यम रह सकता है। वहीं बताया गया कि पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 13-16 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 5-7 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि इस दौरान 6-8 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है। बताया गया कि सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80-90 व दोपहर में 50-60 प्रतिशत रह सकता है। इस बीच अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री कम रहकर 19.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री कम रहकर 8.3 डिग्री रहा।
^उत्तर बिहार के जिलों में 3-4 दिनों तक देर सुबह तक अत्यधिक ठंड का प्रकोप रहने की संभावना है। हालांकि दिन की धूप राहत देगी मगर रात के समय घना कोहरा छाएगा। सुबह में भी हल्का कोहरा रह सकता है। 6-8 किमी की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी। किसान वैज्ञानिक सला ह के अनुरूप ही कृषि कार्य पूरा करें।
-डॉ. अब्दुस सत्तार, मौसम वैज्ञानिक, डीआरपीसीएयू, पूसा
अरहर के फसल की करें फल छेदक कीट से निगरानी, दुधारू पशुओं की विशेष देखभाल करें
वैज्ञानिकों ने अरहर की फसल जिसमें 50 फीसदी तक फूल आ गया है उसकी फली छेदक कीट से निगरानी करने की बात कही है। वहीं चारे के रूप में जई, बरसीम व लूसर्न की कटाई 25-30 दिन पर करने, मटर की चूर्णिल फफूंदी से बचाव करने, गेहूं, मक्का व आलू में आवश्यकतानुसार नमी बनाने के लिए हल्की सिंचाई करने व आलू की फसल को झुलसा रोग से बचाने की सलाह दी है। वहीं दुधारू पशुओं की ठंड में सही देखभाल करने की सलाह दी गई है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
