विद्यापतिनगर का मामला:नलजल योजना में 9.25 लाख गबन में पूर्व वार्ड सदस्य रघुनंदन गिरफ्तार..
समसतीपुर।
प्रखंड की बंगराहा पंचायत के वार्ड-11 में नल-जल योजना का कार्य पूर्ण नहीं करने व 9 लाख 25 हजार गबन मामले में पूर्व वार्ड सदस्य रघुनंदन कुमार को पुलिस ने बुधवार की देर शाम बढ़ौना हाई स्कूल चौक के समीप से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएचओ प्रसुनजय कुमार ने बताया कि गबन मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व वार्ड सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। बंगराहा पंचायत के सचिव दिनेश प्रसाद सिंह ने गत 15 जुलाई को वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व सचिव पर 9 लाख 25 हजार 3 सौ 28 रुपए गबन मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि ग्राम पंचायत राज बंगराहा के वार्ड 11 के हर घर नल जल योजना के कार्य करवाने के लिए वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के खाता में ग्राम पंचायत के पीएनबी बैंक के चेक के माध्यम से 14 लाख 99 हजार 200 रुपए की एक मुश्त राशि वर्ष 2018 अक्टूबर माह में योजना के कार्यान्वयन के लिए स्थानांतरण किया गया था। परन्तु वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति वार्ड 11 के वार्ड अध्यक्ष रघुनन्दन कुमार वार्ड सचिव संतोष कुमार द्वारा अब तक नल जल योजना का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया।
योजना की मापीपुस्त राशि 5 लाख 73 हजार 72 रुपए प्रस्तुत की गई, बाकी का कोई लेखा-जोखा नहीं
बीडीआे के आदेश पर भी काम पूरा नहीं हुआ
जबकि ग्राम पंचायत स्तर से कई बार नोटिस किया जा चुका था। साथ ही बीडीओ विद्यापतिनगर ने पत्र जारी कर वार्ड एवं प्रबंधन समिति वार्ड 11 के अध्यक्ष एवं सचिव को कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देश भी दिया गया था। बावजूद नलजल योजना का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया। प्राथमिकी में बताया है कि कनीय अभियंता विद्यापतिनगर द्वारा इस योजना का अंतिम मापीपुस्त राशि 5 लाख 73 हजार 72 रुपये का प्रस्तुत किया गया। शेष राशि 9 लाख 25 हजार 328 रुपये का कोई लेखा जोखा नहीं है। खाता से कुल रुपए की निकासी हो चुकी है। पूरे वार्ड के लगभग 500 परिवारों के बीच हर घर नल का जल देना था।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
