बारिश:जिले में रुक-रुक कर हुई बारिश, आज भी हाेने के आसार
समस्तीपुर ।
अनुकूल मौसमीय वातावरण के कारण सोमवार को जिला में दिनभर रूक-रूक कर बारिश होती रही। इसको लेकर जहां सुबह से ही आकाश में काले बादल छाए रहे वहीं विभाग की ओर से 2.2 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बताया गया कि सुबह से घने बादल छाए रहने व औसतन 12.5 किलोमीटर की रफ्तार से पुरवा हवा चलने से दिनभर गर्मी से राहत मिली। वहीं इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हो गया। बताया गया कि सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम रहकर 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहकर 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
^अनुकूल मौसमीय वातावरण के कारण जिला में रूक-रूक कर बारिश हुई है। वहीं आगामी दिनों में इसी प्रकार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर उत्तर बिहार के जिलों के आकाश में बादल छाए रहेंगे। किसान वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप कृषि कार्य संपन्न करें।
-डॉ. अब्दुस सत्तार, मौसम वैज्ञानिक, डीआरपीसीएयू, पूसा