परेशानी:समस्तीपुर से जयनगर जा रही डीएमयू ट्रेन के इंजन से उठा धुआं, अफरातफरी
समस्तीपुर ।
समस्तीपुर- दरभंगा रेलखंड के रामभद्रपुर स्टेशन के पास सोमवार समस्तीपुर- जयनगर जा रही 05593 डीएमयू सवारी गाड़ी बर्निंग ट्रेन होने से बाल-बाल बच गई। ट्रेन के चालक व गार्ड की सूझबूझ के कारण स्टेशन पर उपलब्ध फायर फाइटर यंत्र से आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना के कारण डीएमयू सवारी गाड़ी करीब ढाई घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही। जानकारी के अनुसार 3:35 बजे से डीएमयू ट्रेन पैसेंजर रामभद्रपुर स्टेशन के समीप पहुंची थी कि अचानक पीछले इंजन से धुंआ उठने लगा। यह देख ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई। ट्रेन के गार्ड ने घटना की जानकारी रेलवे कंट्रोल व रामभद्रपुर स्टेशन को दी।
ट्रेन जैसे ही रामभद्रपुर स्टेशन पर पहुंची तो पूर्व से तैयार रेलवे कर्मियों ने स्टेशन पर उपलब्ध फायर फाइटर से आग पर काबू पाया। इसके बाद में समस्तीपुर से टीएसआर को बुलाया गया। टीएसआर ने पूरी ट्रेन की जांच की लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हो पाया जिसके बाद दूसरे इंजन को लगाकर ट्रेन को शाम करीब 6 बजे रवाना किया गया। वहीं डीआरएम आलोक अग्रवाल ने बताया कि टेक्निकल गड़बड़ी के कारण इंजन में धुआं उठा था। समस्तीपुर से मैकेनिक को भेजा गया लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हो पाया। इस कारण दूसरा लोको लगाकर ट्रेन को जयनगर के लिए रवाना किया गया। इस मामले में जांच का आदेश दिया गया है।