मुजफ्फरपुर में अग्निवीरों की भर्ती कब शुरू होगी, कितने दिनों तक चलेगी, अफसरों ने दिए अहम अपडेट..
Agniveer Bharti 2022 ।मुजफ्फरपुर। चक्कर मैदान में आठ जिलों के युवाओं की 31 दिनों तक अग्निवीरों की भर्ती की प्रक्रिया होगी। भर्ती दो नवंबर से चार दिसंबर तक चलेगी। इसके लिए करीब डेढ़ लाख युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पिछली बार सेना भर्ती के लिए करीब 75 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। तीन सितंबर को रजिस्ट्रेशन खत्म होने के बाद आवेदनों की स्क्रूटनी शुरू हो गई है। बता दें कि पिछली बार 28 जनवरी 2021 में 40 दिनों तक सेना भर्ती चली थी। लेकिन कोविड के कारण भर्ती की प्रक्रिया रद कर बाद में अग्निवीर योजना लागू की गई।
अग्निवीर भर्ती की तैयारी को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में जिले के अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई। अग्निवीर रैली के दौरान विधि-व्यवस्था की देखरेख, प्रशासनिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। सेना भर्ती का नोडल पदाधिकारी एडीएम आपदा प्रबंधन, अजय कुमार को बनाया गया है।
मुजफ्फरपुर सेना भर्ती के निदेशक सेना मेडल कर्नल बाबी जसरोटिया ने कहा कि भर्ती दो नवंबर से चार दिसंबर तक चलेगी। 10 दिसंबर से मेडिकल चेकअप होगा। रविवार को सारी जांच बंद रहेगी। सभी अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्र के साथ उन सबकी फोटो कापी लाना अनिवार्य है। मूल प्रमाणपत्र देखकर वापस कर दिया जाएगा और फोटो कापी ले ली जाएगी। भर्ती होने पर सभी आरिजनल प्रमाणपत्र देने होंगे।
आठ जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तारीख रखी गई है। दो नवंबर को साढ़े तीन हजार अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। उनके साथ कुछ अभिभावक भी आएंगे तो भीड़ बढ़ जाएगी। इन लोगों के लिए एक बस का इंतजाम किया गया है। पिछले साल पांच बसों का इंतजाम किया गया था।
डीएम प्रणव कुमार ने बस में अग्निवीर भर्ती रैली का बड़ा बैनर लगाने आ आदेश दिया गया है। बस सरकारी बस स्टैंड से स्टेशन होते हुए चक्कर मैदन पर अभ्यर्थियों को लेकर जाएगी। बैठक में डीएम के अलावा एसएसपी जयंत कांत, एडीएम आपदा अजय कुमार, सीएस डा. यूसी शर्मा, एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश, रेल डीएसपी अतनु दत्ता, टाउन डीएसपी राम नरेश पासवान, आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दुबे, फायर अफसर विनय प्रसाद सिंह, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता भुलन प्रसाद, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
एक हजार अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए टेंट, 50 चलंत शौचालय बनाए जाएंगे
भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को एक हजार अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए टेंट, आदि की व्यवस्था करने को कहा गया है। पिछली बार की सेना भर्ती रैली में भवन निर्माण विभाग को डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए थे।उसमें से अभी तक 16 लाख रुपये ही मिले हैं। इस बार एडवांस पैसा देने का अश्वासन दिया गया है। एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश और डीएसपी नगर विधि-व्यवस्था तथा भीड़-प्रबंधन को देखेंगे। पुलिस बल के साथ सभी तरह के प्रशासनिक सहयोग प्रदान किए जाएंगे। पीएचईडी को 50 शौचालय, पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है। सिविल सर्जन चक्कर मैदान के ग्राउंड में सुबह साढ़ पांच से 11 बजे तक एंबुलेस उपलब्ध कराएंगे। सीसी कैमरों की व्यवस्था, वाटरप्रूफ पंडाल, अभ्यर्थियों के लिए कैंपिग, विश्राम क्षेत्र की व्यवस्था, प्रकाश की व्यवस्था, विद्युत और जेनरेटर आदि का प्रबंध दिया जाएगा।
लगाए जाएंगे सीसी कैमरे
विधि-व्यवस्था संधारण तथा भीड़-प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। बैरिकेडिंग, पेयजल की सुविधा, चिकित्सा सुविधा, सीसी कैमरों की व्यवस्था, वाटरप्रूफ पंडाल, प्रकाश की व्यवस्था, विद्युत और जेनरेटर बैकअप आदि का प्रबंध दिया जाएगा।
स्टेशन पर काम करेगा मे आई हेल्प यू काउंटर
सेना भर्ती अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए डीएम ने रेलवे स्टेशन पर मे आई हेल्प यू काउंटर बनाया जाएगा। अभ्यर्थियों को चक्कर मैदान तक आने-जाने की जानकारी दी जाएगी। 100 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्लेटफार्म से लेकर माड़ीपुर के पास आवागमन पथ पर नजर रखी जाएगी। वहीं अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती रहेगी। उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए माड़ीपुर पुल के दोनों तरफ कैमरे लगाए जाएंगे।
चक्कर मैदान की सड़कें होगी दुरुस्त
चैक्कर मैदान रोड की खराब स्थिति पर सवाल उठने पर सेना के अधिकारी ने ऊपर के अधिकारी से जल्द आदेश लेने की बात कही। डीएम ने नगर निगम को सड़कों की शीघ्र मरम्मत का आदेश दिया। एसएसपी जयंत कांत ने कहा कि सड़क के साथ उस इलाके में जगह-जगह वेपर लाइट लगाएं ताकि रात को भी अच्छी रोशन मिल सके। चक्कर मैदान में उग आए झाड़ को भी साफ करवाने को कहा।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
