Patna

पिस्तौल लहराते प्रेमिका के घर में घुसा आश‍िक, छह घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा,अजीबो-गरीब मामला।

बेतिया (पश्चिम चंपारण),। एकतरफा प्रेम में एक युवक ने युवती के माता-पिता और उसकी दादी को उनके घर में पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। वह युवती की शादी दूसरी जगह तय करने से गुस्से में था। मौके पर पहुंचे ओपी प्रभारी समेत पांच पुलिस कर्मियों और चौकीदार को भी एक कमरे में बंद कर दिया। युवती को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। साढ़े छह घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह उसे काबू में किया गया। मामला बेतिया नगर के बानुछापर महेंद्र कालोनी मोहल्ले का है। पकड़ा गया युवक पूर्वी चंपारण के गोङ्क्षवदगंज थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी सतीश कुमार स‍िंंह उर्फ विकास है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

कुरियर ब्वाय के बहाने घर में घुसा

बानुछापर महेंद्र कालोनी मोहल्ले में युवती के घर सुबह करीब 6:30 बजे युवक कुरियर देने के बहाने पहुंचा। उस वक्त घर में युवती की दादी थीं। शिक्षक पिता और उसकी की मां टहलने गए थे। कुछ ही देर में दोनों पहुंचे तो पिस्टल दिखाकर तीनों को एक कमरे में बंधक बना लिया। मेन गेट अंदर से बंद कर लिया। वह युवती से बात कराने की जिद करने लगा। करीब 8:30 बजे पिता ने दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही बेटी को फोन लगा उससे बात कराई।

बातचीत के दौरान युवती को अहसास हो गया कि उसके घरवालों को बंधक बनाया गया है। उसने एसपी को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही उन्होंने तीन टीमें बनाईं। एक टीम में शामिल बानूछापर ओपी प्रभारी संजीव कुमार, पांच पुलिस कर्मियों और एक चौकीदार के साथ सिविल ड्रेस में पहुंचे। ओपी प्रभारी ने दूधवाला बनकर दरवाजा खोलवाया। वे पुलिस कर्मियों के साथ जैसे ही अंदर पहुंचे युवक ने उन पर पिस्टल तान दी। गोली मारने की धमकी देते हुए सभी को एक कमरे में बैठा दिया। खुद पिस्टल लेकर बरामदे में बैठ गया।

दूसरी टीम सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मुकुल पांडेय के साथ बाहर रहकर पहली टीम की मदद के लिए थी। तीसरी टीम इस रणनीति के साथ तैयार थी कि जरूरत पर गोली चलानी पड़े तो युवक के अलावा किसी अन्य को नहीं लगे। घर की सभी खिड़कियों पर पुलिस जवान डटे थे।

पानी की बोतल उठाने के दौरान मौका पाकर पुलिस ने युवक को दबोचा

अंदर ओपी प्रभारी युवक को लगातार समझाते रहे। कहा-मैंने भी प्यार किया था और धूमधाम से शादी की। तुम सबको छोड़ दो। युवती बात करेगी। तुम दोनों की शादी भी होगी। दोपहर एक बजे युवक ने जैसे ही पानी पीने के लिए बोतल उठाई, उसी दौरान मौका पाते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
युवक के पास से मिला पेट्रोल, आग लगाने का भी था इरादा

युवक के पास से लोडेड पिस्टल मिली। उसमें 7.65 एमएम की पांच गोलियां मिलीं। एक गोली पर युवती, एक पर खुद का और तीन अन्य पर युवती के माता-पिता व दादी का नाम लिखा था। युवक के पास से मिले बैग में दो बोतलों में पेट्रोल और लाइटर समेत अन्य सामान भी मिले। इससे साफ था कि युवक कुछ होने पर आग लगाने के इरादे से पहुंचा था।

मौसी के घर युवती से मिला था युवक

युवक के गांव में युवती की मौसी का घर है। मोतिहारी में ग्रेजुएशन के दौरान दो वर्ष पूर्व युवती मौसी के घर गई थी। वहीं युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। युवक ने पूछताछ में दावा किया कि वह भी मुझसे प्रेम करती है। उसने कहा था कि तुम्हारी सरकारी नौकरी लगने पर शादी करेंगे। मैंने दारोगा भर्ती की पीटी परीक्षा पास कर ली है। सरकारी नौकरी भी मिलने वाली है। फिर भी उसके स्वजन ने दूसरी जगह शादी तय कर दी है।एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। उसके घरवालों को सूचना दी गई है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!