उत्तर बिहार मे अगले 48 घंटे मे हो सकती है वर्षा
समस्तीपुर :उत्तर बिहार के जिलों में लगातार चल रहे स्थानीय पूरबा हवा से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। वहीं बीते एक पखवाड़े से दोपहर व उसके बाद तक आकाश में हल्के से मध्यम बादल छाए रह रहे हैं। वहीं इस बीच मौसम विभाग की ओर से आगामी 48 घंटे में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस बीच बुधवार को दोपहर तक मध्यम व उसके बाद धूप के समय भी हल्के बादल छाए रहे। सुबह से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच दिन के समय धूप होने पर उमस का एहसास हुआ।
वहीं मौसम विभाग की ओर से उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर व पूर्वी चंपारण जिले सहित अन्य जगहों पर दो दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बताया जाता है कि इस बीच अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सामान्य से दो-तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। जिससे अधिकतम तापमान 38-40 व न्यूनतम तापमान के 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना बताई गई है। इसको लेकर पूसा केंद्रीय कृषि विश्व विद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुस सत्तार ने बताया कि उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आगामी दो-तीन दिनों में बारिश की संभावना है।