Patna

आर्केस्‍ट्रा में काम करने वाली यूपी की लड़की ने डायल किया 100, नालंदा पुलिस पहुंची तो बताई पीड़ा

नालंदा। आर्केस्ट्रा के नाम पर लड़कियों को दूसरे प्रदेश से बुलाकर काम करवाने व जबरन रोके रखने का एक मामला सामने आया है। लड़की ने 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले यूपी के फिरोजाबाद से एक परिचित ऑर्केस्ट्रा में काम दिलाने को लेकर सिलाव लेकर आया था। वह इस काम से खुश नहीं थी। अब वह घर जाना चाहती है। लेकिन उसे जाने नहीं दिया जा रहा। उसकी सहकर्मी उसे घर जाने से रोक रही है। सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई। लड़की को सिलाव बाजार स्थित एक मकान से बरामद कर थाने ले आई। पीड़ित युवती ने बताया कि उसके साथ काम करने वाली ही उसे जाने से रोक रही थी। आर्केस्ट्रा में काम के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। फिलहाल सिलाव थाना पुलिस दोनों लड़कियों से पूछताछ कर रही है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

बिना लाइसेंस का चल रहा है आर्केस्ट्रा

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में दूसरे प्रदेशों से लड़कियों को बुलाकर ऑर्केस्ट्रा में काम कराया जा रहा है। जो लड़की घर वापस जाना चाह रही है, उसे वापस नहीं जाने दिया जा रहा है। सिलाव बाजार में कई लोगों के द्वारा आर्केस्ट्रा में प्रोग्राम के नाम पर दर्जनों की संख्या में दूसरे प्रदेश की लड़कियों को लाकर ठहराया जा रहा है। ऐसा नहीं है कि पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। आर्केस्ट्रा के नाम पर लड़कियों को बुलाकर घर में ठहराने की घटना से लोगों में काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है।

टीसी लाने निकली लड़की को भगा ले गया युवक

थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग छात्रा को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस मामले में लड़की की मां ने थाने में आवेदन दिया है। हलिमचक निवासी महेश यादव के पुत्र राजेश यादव पर पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है। छात्रा की मां ने बताया कि बीते 25 अप्रैल को विद्यालय से टीसी लेने की बात बताकर निकली थी। अब तक घर वापस नहीं लौटी है। उन्होंने बताया कि राजेश यादव भी घर पर नहीं है। इससे शक है कि राजेश यादव ने ही बच्ची को भगाया है। उन्होंने थाना पुलिस से बच्ची की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!