Patna

बिहार में शराब के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा, भट्ठियों को किया तहस-नहस

पटना (रोहतास) : नटवार थाना क्षेत्र के विशुनपुर टोला की महिलाओं ने शराब तस्करों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शराब तस्करी से परेशान गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर शुक्रवार को शराब तस्करों के अड्डों पर धावा बोल दिया। आक्रोशित महिलाओं ने खेतों में चल रही शराब भट्ठियों को तहस-नहस कर दिया। इस दौरान महिलाओं का मूड देख शराब तस्कर जान बचाकर भाग खड़े हुए। महिलाओं ने भट्ठियों से शराब बनाने के उपयोग में लाए जा रहे उपकरण व अन्य सामानों को जब्त कर गांव के काली मंदिर के समीप जमा किया गया है। इसमें देसी शराब बनाने के कई उपकरणों के अलावा तसला व अन्य बर्तन शामिल थे। क्षेत्र में शराब बिक्री बंद नहीं होने से नाराज महिलाओं ने थानाध्यक्ष व चौकीदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से शराब की भट्टियां चलाई जा रही हैं। इसके चलते गांव की युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। एक ओर जहां पुलिस निर्दोष लोगों को जेल भेज रही है, वहीं दूसरी तरफ शराब तस्करों को शह देने व बचाने का काम भी कर रही है। विशुनपुर निवासी माया देवी, चंद्रावती देवी, सोना देवी समेत अन्य ने कहा कि इतनी काफी संख्या में भट्टी का संचालन चौकीदार की मिलीभगत से किया जा रहा था। सरकार जहां शराबबंदी के लिए कटिबद्ध है, तो दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन के लोग इस कार्यक्रम को विफल करने पर तुले हुए हैं। इस दौरान महिलाओं ने गांव में घूम-घूमकर लोगों को जागरूक व शराब तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि आज के बाद गांव में शराब की तस्करी करने वाले लोगों की पिटाई तथा सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बुजुर्ग महिला तारामुनी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शराबबंदी का फैसला लाकर बिहार के लोगों को सही रास्ते पर लाने के लिए यह कार्य किया है। इसे लागू करने के लिए समाज के हर तबके के लोगों को आना होगा। शराब के खिलाफ उतरी महिलाओं की समूह में रीना देवी, फगवती देवी, मीरा, देवंती देवी, माया देवी, सोनी देवी, तारामुनी, धनवंती देवी, रेशमी, कविता देवी, सविता देवी, नैना देवी, समराजो देवी, समाजसेवी डा. विनोद चौहान, छोटू चौहान, संतोष कुमार, अरुण कुमार, मित्र रंजन कुमार, शेरा चौहान, इंद्रजीत चौहान समेत अन्य शामिल थे।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!