Samastipur

नए साल के जश्न में डूबा शहर, चलती रहीं पार्टियां नए साल के जश्न की खुमारी में डूबा शहर देर रात तक

समस्तीपुर । नए साल के जश्न की खुमारी में डूबा शहर देर रात तक रंगीनियों में खोया रहा। स्वर लहरी और गीत संगीत की धुन पर लोग देर रात तक थिरकते रहे और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशियों को साझा करते रहे। ठंड और सर्द हवाएं युवाओं के उल्लास को चुनौती दे रही थी, लेकिन युवाओं का जोश ठंड पर भारी रहा। देर रात पार्टियां चलती रहीं। लोग गीत संगीत, नृत्य के साथ लजीज व्यंजनों का स्वाद लेते रहे। सभी के चेहरे पर मुस्कान थी, उमंग और नए वर्ष के साथ आ रही नई चेतना के स्वागत का जज्बा। कोरोना महामारी के बीच वर्ष 2021 की विदाई और नव वर्ष के स्वागत की हर मुमकिन कोशिश हुई। शासन प्रशासन की चिता कोरोना प्रोटोकाल को लेकर बनी हुई थी तो लोगों ने इसका ख्याल रखने में भी कोई कसर नहीं छोड़ा। हालांकि, कुछ स्थानों पर लोगों की भीड़ भी देखी गई, लेकिन तत्काल उसे नियंत्रण में कर लिया गया। फलस्वरूप एक ही स्थान पर इकट्ठा होने से लोगों ने परहेज किया। एहतियात के तौर पर छोटी पार्टियां हुई तो डीजे की धुन पर लोग थिरके भी। शुक्रवार आधी रात को जैसे ही नववर्ष ने दस्तक दी, लोगों ने आतिशबाजी से उसका स्वागत किया। फिर शनिवार सुबह उठकर धर्मस्थलों पर जाकर देव दर्शन किया। भगवान की पूजा-अर्चना की। घर के बड़े बुजुर्गो से आशीर्वाद प्राप्त किया। शनिवार सुबह से थानेश्वर स्थान समेत विभिन्न धर्मस्थलों पर श्रद्धालुओं का आना जाना शुरु हो गया। शहर के थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिग पर जलाभिषेक किया। वहीं गिरजाघरों, गुरुद्वारों में भी लोगों ने विशेष प्रार्थनाएं कर विश्वमंगल की कामना की। सुबह 9 बजते ही बाजार में चहल पहल बढ़ गई। उत्साहित युवाओं की टोली रंग बिरंगे गुब्बारों से वाहनों को सजाकर नववर्ष का जश्न मनाने नजर आए। वहीं घरों में लोगों ने लजीज व्यंजन बनाकर उसका लुफ्त उठाया। देर रात तक पार्टियां और सैरसपाटे का दौर चला। नए साल के आगमन पर युवाओं व बच्चों में विशेष उत्साह दिखा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह जगह पुलिस कर्मी तैनात रहे।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

हाउस फुल रहे होटल व रेस्टोरेंट

 

शहर के विभिन्न होटल व रेस्टोरेंट में तरह-तरह से न्यू इयर सेलिब्रेट किया गया। किसी ने परिवार के सदस्यों के साथ लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया तो कई दोस्तों के साथ दावत में मशगूल नजर आए। देर रात तक यह सिलसिला चलता रहा। नए साल के स्वागत में शहर के सभी होटल व रेस्टोरेंट को अतिथियों के स्वागत में आकर्षक ढंग से सजाया गया था। ग्राहकों को आकर्षित करने की पूरी कोशिश की गई। ग्राहकों की भीड़ से कई होटल व रेस्टोरेंट हाउसफुल नजर आया। लोगों को बैठने की भी जगह नहीं मिली।

फूलों की हुई जमकर ब्रिक्री

 

नए साल को लेकर फूलों का कारोबार काफी अच्छा रहा। लंबी डंडी वाले गुलाब की अधिक डिमांड थी। इसके अलावे गेंदा व रजनीगंधा की लड़ी भी खूब बिकी। शहर के थानेश्वर स्थान मंदिर के निकट करीब आधा दर्जन फुल विक्रेताओं ने रंग-बिरंगी फूलों से दुकानें सजा रखी थी। पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गेंदा व रजनीगंधा की माला बनाई गई थी। फूलों के थोक व्यापारी संजीव ने बताया कि कारोबार के लिहाज से साल का पहला दिन काफी अच्छा रहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकस रही पुलिस

 

शहर के सभी चौक चौराहों पर पुलिस तैनात रही। इसके अलावे सुपर गश्ती दल भ्रमणशील होकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखा। हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर थी। स्पीड ड्राइविग व यातायात नियम का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर चलान किया। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह जगह पुलिस तैनात रही।

शिवलिग पर जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने की मंगलकामना

 

मोरवा संस : स्थानीय खुदनेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिग पर जलाभिषेक किया। पूरा मंदिर परिसर बाबा खुदनेश्वर की जय एवं हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे जैसे दिन बीतने लगा दूर-दराज के लोग भी आते गए और एक एक कर शिवलिग पर जलाभिषेक किया। मौके पर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा, सुशील कुमार वर्मा, विजय लाल, दिनेश्वर झा, शिवगण अध्यक्ष महेश नारायण झा, उमेश झा, पंडित गंगा प्रसाद मिश्रा, बेचन शर्मा, पुजारी चंदन भारती, पंडित अमित कुमार झा, अरुण कुमार झा सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!